MP Bhind Road Accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 (NH-719) पर हुए भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई है और 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह दर्दनाक दुर्घटना गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे घटित हुई। सभी घायलों को तुरंत गोहद अस्पताल भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कई घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
MP Bhind Road Accident: गायों को बचाने के चक्कर में टक्कर
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हाईवे पर अचानक मवेशियों (गायों) का झुंड सामने आ गया था। उन्हें बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे डंपर ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के निवासी थे। वे ग्वालियर के डबरा और चिनोर इलाके में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद पिकअप में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
राहत और घायलों का उपचार
टक्कर इतनी भीषण थी कि 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 ने अस्पताल ले जाते समय या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। इस बीच, घटना पर दुख जताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। (MP Bhind Road Accident)
धान की रोपाई कर घर लौट रहे मजदूर हादसे का शिकार
गोहद चौराहा पुलिस स्टेशन के प्रभारी रामनर्श यादव ने बताया, “लगभग आधी रात को राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर एक दुर्घटना घटी। इसमें कुछ लोग हताहत हुए और लगभग 25 लोग घायल हो गए। ये लोग धान की रोपाई के काम से डबरा और चिनोर क्षेत्रों में आए थे और उत्तर प्रदेश में अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।”
पुलिस स्टेशन प्रभारी ने बताया, “यह हादसा छिमका गांव के पास हुआ, जिसमें एक ट्रक और एक माल ढोने वाला वाहन शामिल था, जिसमें मजदूर यात्रा कर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद, पुलिस और राहगीरों ने फंसे हुए लोगों को बचाने में मदद की। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।” (MP Bhind Road Accident)
25-26 घायल ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
अधिकारी ने बताया कि लगभग 25-26 घायल लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि अन्य की हालत स्थिर है। घायलों को ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि दुर्घटना का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। यह जांच का विषय है और जांच पूरी होने के बाद ही कारण का पता चलेगा। (MP Bhind Road Accident)











