Leader Raja Bhaiya: उत्तर प्रदेश के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ दिल्ली के सफदरजंग एंक्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। राजा भैया पर उनकी पत्नी ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था और पत्नी की शिकायत पर राजा भैया के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज हुई है।
राजा भैया की पत्नी ने लगाया आरोप
बता दें कि राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अपने पति के खिलाफ दिल्ली पुलिस में गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पति पर शारीरिक और मानसिक क्रूरता का आरोप लगाया है। भानवी का आरोप है कि राजा भैया ने उन्हें वर्षों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है।
राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच तलाक का केस
वहीं, राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का तलाक का केस अभी कोर्ट में चल रहा है। राजाभैया और उनकी पत्नी के बीच कलह की बात कई वर्षों से चल रही थी लेकिन यह मामला सार्वजनिक तब हो गया जब भानवी सिंह ने राजाभैया के बेहद करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
राजा भैया का राजनीतिक करियर
प्रतापगढ़ के कुंडा बेती निवासी रघुराज प्रताप उर्फ राजा भैया का उत्तर प्रदेश की सियासत में बड़ा दबदबा है। राजा भैया 1993 से लगातार 7वीं बार कुंडा विधानसभा से निर्दलीय विधायक चुने गए हैं। राजा भैया बेती और भदरी राजमहल के राजकुमार भी हैं। राजा भैया यूपी सरकार में जेल और खाद्य मंत्री भी रहे हैं।