Nitin Gadkari News: लोकसभा चुनाव के बीच महाराष्ट्र से बड़ी खबर सामने आई है। यहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार दोपहर एक चुनावी रैली के दौरान बेहोश हो गए। गडकरी यहां राजश्री पाटिल के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। पाटिल महाराष्ट्र मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के धड़े से हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल नितिन गडकरी की हालत स्थिर है और डॉक्टरों के मुताबिक किसी भी प्रकार की कोई चिंता की बात नहीं है।
भाषण देते वक्त आया चक्कर
बताया जा रहा है कि नितिन गडकरी राजश्री पाटिल के समर्थन में रैली के बीच मंच से भाषण दे रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक से चक्कर आ गया और वो मंच पर ही गिरने लगे। कई कार्यकर्ताओं ने गडकरी को संभाला और तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एक्स पर खुद दिया हेल्थ अपडेट
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हालत में सुधार होते ही खुद अपना हेल्थ अपडेट दिया। उन्होंने सोशल मीडिया X हैंडल पर लिखा अब मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं।
पुसद, महाराष्ट्र में रैली के दौरान गर्मी की वजह से असहज महसूस किया। लेकिन अब पूरी तरह से स्वस्थ हूँ और अगली सभा में सम्मिलित होने के लिए वरूड के लिए निकल रहा हूँ। आपके स्नेह और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।
— Nitin Gadkari (@nitin_gadkari) April 24, 2024
नागपुर से बीजेपी के प्रत्याशी हैं गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी महाराष्ट्र की नागपुर सीट से बीजेपी के प्रत्याशी भी हैं। नागपुर में पहले चरण के चुनाव में ही वोटिंग हो चुकी है। अपनी कार्यशैली को लेकर नितिन गडकरी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। यही वजह है कि बीजेपी के पुराने और पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की तरह ही कई बार विरोधी भी नितिन गडकरी की तारीफ करते नजर आते हैं।