CM Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम देहरादून में वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से बनाई गई ई-कोष वेबसाइट का भी उद्घाटन किया।
नगर निगम देहरादून में आयोजित होली अभिनंदन कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। हर्ष और उल्लास के इस पावन पर्व पर आत्मीय स्वागत और स्नेह के लिए देवतुल्य जनता का हृदय से आभार एवं अभिनंदन।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 12, 2025
रंगों का यह महापर्व आप सभी के जीवन में अपार खुशियां, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए, ईश्वर से यही… pic.twitter.com/CUjHfbphtz
मुख्यमंत्री ने दी होली की शुभकामनाएं
सीएम धामी ने सभी प्रदेशवासियों को हर्ष, उल्लास, उत्साह और रंगों से भरे होली के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में सांस्कृतिक एकता को मजबूत कर सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सभी को निरंतर प्रयास करने होंगे।
देहरादून के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार देहरादून के प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जहां एक ओर देहरादून नगर निगम उच्च गुणवत्ता वाली जन सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर में साफ-सफाई को बेहतर बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। केदारपुरम में 5 करोड़ की लागत से 3.5 हेक्टेयर भूमि पर योग पार्क तथा यमुना कालोनी में 1.3 करोड़ की लागत से नया पार्क बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न पार्कों के सौन्दर्यीकरण एवं उच्च गुणवत्तायुक्त अपशिष्ट प्रबन्धन व्यवस्था सृजित करने के लिए 2 स्थानों पर मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किये गये हैं तथा स्वच्छता सेनानी सम्मान योजना के अन्तर्गत वार्डों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 3 पर्यावरण मित्रों को 10 हजार रूपये प्रतिमाह की धनराशि से सम्मानित भी किया जा रहा है।
ई-कोष वेबसाइट का उद्घाटन
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नगर निगम द्वारा भवन कर भुगतान की आनलाइन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही वित्तीय मामलों में पारदर्शिता बनाये रखने के उद्देश्य से ई-कोष वेबसाईट तैयार की गई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में नगर निगम देहरादून को देश में 68वां स्थान तथा उत्तराखण्ड के समस्त नगर निगमों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष देहरादून की स्वच्छता रैंकिंग में और सुधार होगा।