Skip to main content

श्रेष्ठ भारत (Shresth Bharat) | Hindi News

Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 11 की मौत; 22 घायल

Kaushambi Firecracker Factory Blast

Kaushambi Firecracker Factory Blast: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि कम से कम 22 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों का प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल में इलाज चल रहा है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के कई मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

यह हादसा कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार स्थित महमूदपुर इलाके में हुआ। सोमवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वहां रखे बारूद और पटाखों के बड़े भंडार को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद फैक्ट्री में लगातार कई जोरदार धमाके हुए। बताया जा रहा है कि विस्फोटों का सिलसिला करीब एक घंटे तक जारी रहा।

Kaushambi Firecracker Factory Blast: एक के बाद एक धमाकों से दहला मनौरी बाजार

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री की एक मंजिला इमारत पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। करीब 100 मीटर के दायरे में मौजूद आठ मकान भी धमाके की चपेट में आ गए। इनमें से तीन मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि अन्य घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। विस्फोट का असर आसपास के इलाकों में भी महसूस किया गया। मनौरी एयरबेस और नजदीकी पावर हाउस में भी तेज धमाकों से हड़कंप मच गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पास के एक मकान की तीसरी मंजिल की छत में करीब आठ फीट बड़ा सुराख हो गया।

NDRF-SDRF ने संभाला राहत और बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा और पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत भारी पुलिस बल और दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वायु सेना स्टेशन के बेहद करीब हादसा होने के कारण राहत और बचाव अभियान को बड़े स्तर पर चलाया गया। सेना के जवानों के साथ राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।मलबे में फंसे लोगों की तलाश और उसे हटाने के लिए 10 से अधिक बुलडोजर और क्रेन लगाए गए।

शुरुआती तौर पर अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। इसके बाद बचाव अभियान के दौरान मलबे से लगातार शव बरामद होते गए और मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया। हादसे में घायल 22 लोगों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। (Kaushambi Firecracker Factory Blast)

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को मुफ्त और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

बिना लाइसेंस चल रही थी पटाखा फैक्ट्री

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आदिल नाम का व्यक्ति घनी आबादी और एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक कथित तौर पर बिना वैध लाइसेंस और जरूरी सुरक्षा मानकों के पटाखा फैक्ट्री संचालित कर रहा था। मामले में पुलिस ने आदिल समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया है। प्रशासन ने अवैध रूप से बारूद का भंडारण और पटाखों का निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों के मुताबिक, अवैध गोदामों और बारूद के भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अवैध प्रतिष्ठानों के खिलाफ जरूरत पड़ने पर सख्त ‘बुलडोजर कार्रवाई’ भी की जाएगी। (Kaushambi Firecracker Factory Blast)

संबंधित खबरें

वीडियो

Latest Hindi NEWS

Delhi Play School Child Abuse Case
Delhi: प्ले स्कूल में 3 साल के बच्चे से बर्बरता, घंटों कुर्सी से बांधकर पीटा; CCTV फुटेज देख माता-पिता के उड़े होश, 4 लोगों पर FIR
Lucknow
Lucknow: डॉ. दिनेश शर्मा का विपक्ष पर हमला, बोले- सत्ता हासिल कर अपना एजेंडा पूरा करना चाहते हैं सपा-कांग्रेस
PM Modi Putin Meeting
बिश्केक में मोदी-पुतिन की 50 मिनट की अहम मुलाकात, रक्षा-ऊर्जा से लेकर यूक्रेन संकट तक हुई चर्चा
Kaushambi Firecracker Factory Blast
Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 11 की मौत; 22 घायल
Ankit Baliyan murder Case
अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, दो मुख्य शूटर एनकाउंटर में ढेर; परिवार बोला- अभी आधा हुआ न्याय
Nepal Flash Floods
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से हाहाकार: बाढ़-भूस्खलन से 788 मौतें; 2,500 से ज्यादा लापता, भारतीय नागरिकों के रेस्क्यू में जुटा भारत