CM Atishi: दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार आतिशी ने आज शनिवार (25 जनवरी) को छत्रसाल स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सीएम आतिशी ने दिल्लीवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का समय है, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
बाबासाहेब अंबेडकर को सम्मानित करने का भी क्षण
छत्रसाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करती हुई सीएम आतिशी ने कहा, “76वें गणतंत्र दिवस पर सभी दिल्लीवासियों और देश के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं। इस दिन को मनाते हुए उन स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का समय है, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। यह बाबासाहेब अंबेडकर को सम्मानित करने का भी क्षण है, जिन्होंने हमें स्वतंत्रता के बाद संविधान दिया।”
आतिशी ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद
उन्होंने कहा, “आज उन लाखों लोगों को याद करने का समय है, जिन्होंने एक आजाद भारत के सपने को देखा और उन सपनों के लिए अपनी जान भी कुर्बान कर दी। जब भारत अंग्रेजों के पास था, तो भारत बहुत अलग था। तब लोगों के पास किसी भी तरह के अधिकार नहीं थे। अपने प्रतिनिधि चुनने के अधिकार नहीं थे, अपनी बात रखने का अधिकार नहीं था। सबसे बड़ी बात जो भारत के संसाधन थे उनपर उनका अधिकार नहीं था।”