श्रेष्ठ भारत (Shresth Bharat) | Hindi News

अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन: योगी से मायावती तक सभी ने दी बधाई; जानिए करियर, परिवार और राजनीतिक सफर के दिलचस्प किस्से

Akhilesh Yadav Birthday

Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके इस विशेष दिन पर देश और प्रदेश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में अनोखे अंदाज में जश्न मनाया है।

Akhilesh Yadav Birthday: 53वें जन्मदिन पर योगी-मायावती ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर अखिलेश यादव को बधाई दी और प्रभु श्री राम से उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबी उम्र की प्रार्थना की। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट कर अखिलेश यादव और उनके परिवार को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं भेजीं। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।

श्रीकृष्ण अवतार वाले पोस्टर भी बने चर्चा का विषय

वहीं, वाराणसी और कई अन्य जगहों पर सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को ‘भगवान श्रीकृष्ण’ के अवतार में दिखाते हुए अनोखे पोस्टर लगाए हैं, जिसमें उनके हाथों में भारत का संविधान नजर आ रहा है। इस खास मौके पर कार्यकर्ताओं ने उनकी लंबी उम्र के लिए विशेष पूजा-अर्चना और हवन कार्यक्रम भी आयोजित किए। (Akhilesh Yadav Birthday)

तलवार से काटा केक, 53 फीट लंबे केक का आयोजन

लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भव्य कार्यक्रम हुआ, जहां अखिलेश यादव को समर्थकों ने एक तलवार भेंट की, जिससे उन्होंने केक काटकर सेलिब्रेट किया। इतना ही नहीं, मुरादाबाद में सपा सांसद रुचि वीरा के आवास पर कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के 53वें वर्ष में प्रवेश करने की खुशी में 53 फीट लंबा केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया।

जन्मदिन पर वायरल हुई प्रिया सरोज की पोस्ट

सपा सांसद प्रिया सरोज ने इंस्टाग्राम पर अखिलेश यादव के साथ एक सादगी भरी तस्वीर शेयर कर उन्हें बधाई दी, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। जन्मदिन के इस अवसर पर अखिलेश यादव और उनकी पत्नी व मैनपुरी सांसद डिंपल यादव की 27 साल की मजबूत राजनीतिक और पारिवारिक केमिस्ट्री की भी चर्चा मीडिया में खूब हो रही है। (Akhilesh Yadav Birthday)

Birthday Special: अखिलेश यादव की शिक्षा, राजनीति, लव स्टोरी और बड़े फैसलों की पूरी कहानी

बता दें, अखिलेश यादव भारतीय राजनीति का एक प्रमुख चेहरा और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में कन्नौज लोकसभा सीट से सांसद हैं। उनका जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गाँव में हुआ था। उनके पिता समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव थे। उनकी माता का नाम मालती देवी है।

अखिलेश यादव ने अपनी स्कूली शिक्षा धौलपुर मिलिट्री स्कूल, राजस्थान से पूरी की। उन्होंने मैसूर (कर्नाटक) की जेएसएस साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की सिडनी यूनिवर्सिटी से एनवायर्नमेंटल इंजीनियरिंग (पर्यावरण इंजीनियरिंग) में मास्टर डिग्री हासिल की। उनका शादी 24 नवंबर 1999 को डिंपल यादव से हुई। डिंपल यादव भी राजनीति में सक्रिय हैं। (Akhilesh Yadav Birthday)

जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव और डिंपल यादव की पहली मुलाकात साल 1995 में लखनऊ में एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी के दौरान हुई थी। मुलाकात के वक्त अखिलेश यादव की उम्र करीब 21 वर्ष थी और डिंपल यादव की उम्र महज 17 वर्ष थी। अखिलेश यादव उस समय मैसूर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके थे, जबकि डिंपल रावत (शादी से पहले का नाम) लखनऊ के आर्मी पब्लिक स्कूल में स्कूली छात्रा थीं।

डिंपल के पिता आर. एस. रावत सेना में कर्नल थे, जबकि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता मुलायम सिंह यादव के बेटे थे। पहली मुलाकात में दोस्ती होने के बाद दोनों अक्सर लखनऊ कैंट के क्लबों या दोस्तों के घर मिलने लगे। साल 1996 में अखिलेश आगे की पढ़ाई (मास्टर्स डिग्री) के लिए सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) चले गए। उस दौर में मोबाइल फोन और इंटरनेट न होने के कारण दोनों ने करीब 4 साल तक पत्रों और कार्ड्स के जरिए अपना रिश्ता कायम रखा। (Akhilesh Yadav Birthday)

जब अखिलेश पढ़ाई पूरी कर भारत लौटे तो उन्होंने डिंपल से शादी की इच्छा जताई। इंटरकास्ट होने के कारण मुलायम सिंह यादव शुरुआत में इस शादी के खिलाफ थे। मुलायम सिंह चाहते थे कि अखिलेश की शादी लालू प्रसाद यादव की बेटी से हो। अखिलेश सीधे पिता से बात करने में कतराते थे, इसलिए उन्होंने अपनी दादी मूर्ति देवी को सबसे पहले यह बात बताई, जिन्होंने उनका साथ दिया। बाद में समाजवादी पार्टी के तत्कालीन नेता अमर सिंह ने भी मुलायम सिंह यादव को मनाने में अहम भूमिका निभाई।

अखिलेश यादव ने महज 27 साल की उम्र में साल 2000 के उपचुनाव में कन्नौज लोकसभा सीट जीतकर पहली बार सांसद के रूप में राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद वह लगातार तीन बार सांसद चुने गए। साल 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी का नेतृत्व किया और पूर्ण बहुमत हासिल किया। 15 मार्च 2012 को उन्होंने 38 वर्ष की आयु में उत्तर प्रदेश के 20वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वह राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने। (Akhilesh Yadav Birthday)

साल 2017 में उन्हें समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वह 2022 से जून 2024 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। कन्नौज सीट से सांसद चुने गए और संसद में सपा के संसदीय दल के नेता हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू और पूरे किए गए, जिनमें प्रमुख हैं-

  • आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे: भारत के सबसे आधुनिक एक्सप्रेस-वे में से एक का निर्माण कराया।
  • लखनऊ मेट्रो: राजधानी लखनऊ में मेट्रो रेल परियोजना की शुरुआत की।
  • लैपटॉप वितरण योजना: मेधावी छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए मुफ्त लैपटॉप बांटे।
  • 1090 वूमेन पावर लाइन: महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन सेवा शुरू की।
  • 108 समाजवादी एम्बुलेंस सेवा: ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मुफ्त आपातकालीन चिकित्सा सेवा की शुरुआत की। (Akhilesh Yadav Birthday)

संबंधित खबरें

वीडियो

Latest Hindi NEWS

Ram Mandir Donation Row
राम मंदिर चंदा विवाद में बढ़ा सियासी तापमान, योगी के एक्शन और विपक्ष के आरोपों से घमासान; कई नेताओं ने उठाए सवाल
Akhilesh Yadav Birthday
अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन: योगी से मायावती तक सभी ने दी बधाई; जानिए करियर, परिवार और राजनीतिक सफर के दिलचस्प किस्से
Saharanpur News
Saharanpur News: सहारनपुर से योगी का बड़ा हमला, बोले- हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई...
Himachal Pradesh Pre-Monsoon Havoc
हिमाचल में बारिश का रौद्र रूप: 128 मौतें, 354 घर तबाह और 29.84 करोड़ का नुकसान; 2 जुलाई से फिर भारी बारिश का अलर्ट
Raebareli
Raebareli: 35 सेकंड में 10 लातें... रायबरेली जिला अस्पताल में युवक से बेरहमी, आरोपी महिला कर्मचारी सस्पेंड
US Supreme Court On Birthright Citizenship
US सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के बर्थराइट सिटिजनशिप आदेश पर लगाई रोक, अमेरिका में जन्मे लगभग सभी बच्चों को मिलेगी नागरिकता