Udhayanidhi Stalin: द्रमुक (DMK) नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार सुबह चेन्नई के नीलँकरई स्थित उनके आवास से पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ दर्ज एक एफआईआर (FIR) के बाद की गई, जिसमें उन पर राज्य के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा कृष्णन के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अश्लील डबल मीनिंग टिप्पणी करने का आरोप है।
Udhayanidhi Stalin: तंजावुर रैली के बयान पर बढ़ा विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साध रहे थे। उनके भाषण के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अभिनेत्री “तृषा, तृषा” के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर रुकते हुए स्टालिन ने कथित तौर पर एक अश्लील डबल मीनिंग टिप्पणी कर दी।
TVK और भाजपा के विरोध के बाद बढ़ा विवाद, NCW में भी पहुंची शिकायत
मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) और भाजपा (BJP) ने इस टिप्पणी को घिनौना और महिला का अपमान बताया। टीवीके ने इसके खिलाफ तंजावुर पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तमिलनाडु पुलिस ने मंगलवार को भारी सुरक्षा और ड्रामे के बीच उदयनिधि को उनके घर से हिरासत में लिया। (Udhayanidhi Stalin)
उदयनिधि का बचाव—’मैंने कुछ गलत नहीं कहा, संदर्भ कावेरी जल विवाद था’
इस दौरान पुलिस और द्रमुक समर्थकों के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली। हिरासत में लिए जाने के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा है और वे केवल कावेरी नदी के पानी के संदर्भ में बात कर रहे थे। पुलिस ने स्टालिन के खिलाफ छह धाराओं में मामला दर्ज किया है। (Udhayanidhi Stalin)











