Women DPL 2026: महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को 10 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ नॉर्थ दिल्ली ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए।जवाब में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 131 रन ही बना सकी।
Women DPL 2026: शिवी शर्मा की शानदार पारी से नॉर्थ दिल्ली ने बनाए 141 रन
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने शुरुआत से ही संभलकर बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 141 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज शिवी शर्मा नॉर्थ दिल्ली की पारी की सबसे बड़ी स्टार रहीं। उन्होंने 54 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 71 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे। वहीं, उपासना यादव ने 42 गेंदों पर 43 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। कप्तान आयुषी सोनी ने भी 17 रनों की उपयोगी पारी खेली।
साउथ दिल्ली की शुरुआत खराब, लक्ष्य से 10 रन दूर रह गई टीम
142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने पहले ही ओवर में सिर्फ 1 रन के स्कोर पर निशिका सिंह का विकेट गंवा दिया। निशिका खाता भी नहीं खोल सकीं। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने पारी को संभालने का प्रयास किया। तनिष्का ने 44 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल थे। कप्तान श्वेता ने 23 गेंदों पर 27 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। पारी के अंतिम चरण में तनीषा सिंह ने नाबाद 24 रन और दिशा नागर ने नाबाद 9 रन बनाए, लेकिन दोनों बल्लेबाज टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं। साउथ दिल्ली की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन ही बना पाई और उसे 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
नॉर्थ दिल्ली की गेंदबाजी ने दिलाई जीत
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की जीत में उसकी गेंदबाजी और फील्डिंग की अहम भूमिका रही। गेंदबाजों ने पूरे मुकाबले में साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और रन गति को नियंत्रित किया। नजमा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवर के स्पेल में 28 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा रेशिका बेनीवाल, अपेक्षा आनंद और प्रिया मिश्रा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
लगातार दूसरी जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर नॉर्थ दिल्ली
Women DPL 2026 में यह नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की लगातार दूसरी जीत है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 9 विकेट से हराया था। अब साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ के खिलाफ 10 रन की जीत के बाद नॉर्थ दिल्ली के खाते में 4 अंक हो गए हैं। लगातार दो जीत के दम पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला DPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर पहुंच गई है। टीम का मौजूदा प्रदर्शन उसे टूर्नामेंट की मजबूत दावेदारों में शामिल करता है।











