80th Independence Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत’ को ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ने का महामार्ग बताया। उन्होंने दृढ़ता से इस बात पर जोर दिया कि अब समय आ गया है, जब भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहना पूरी तरह बंद कर देना चाहिए और अपनी क्षमताओं का विस्तार करके अपने राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा खुद करनी चाहिए।
80th Independence Day: रक्षा, विनिर्माण और डिजिटल क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां गिनाईं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता ही भारत को विकसित भारत बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। हमें आत्मनिर्भर बनना होगा और अपने हितों की रक्षा करनी होगी। आज हर भारतीय ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी पहलों से जुड़ रहा है। पिछले 12 वर्षों में, रक्षा उत्पादन में लगभग चार गुना वृद्धि हुई है, जबकि खादी और ग्राम उद्योगों का उत्पादन लगभग पाँच गुना बढ़ा है। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में लगभग सात गुना विस्तार हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक रेलवे कोचों का उत्पादन 21 गुना और मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना बढ़ गया है। इसके अलावा, हमने डिजिटल प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। इंटरनेट यूजर्स की संख्या लगभग चार गुना हो गई है, पेटेंट अनुदान चार गुना बढ़ गए हैं और डिजिटल लेनदेन सौ गुना बढ़ गए हैं। हमने आम नागरिक के लिए सुविधाओं में सुधार के लिए समान गंभीरता से काम किया है। हमने नल के पानी के कनेक्शन औसतन 15 गुना अधिक तेजी से उपलब्ध कराए हैं। गैस कनेक्शन पिछली वार्षिक गति से छह गुना अधिक गति से उपलब्ध कराए गए हैं। (80th Independence Day)

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि हमने गरीबों के लिए शौचालयों का निर्माण पिछली वार्षिक गति से चार गुना अधिक गति से किया है और वंचितों के लिए आवास पिछली दर से तीन गुना अधिक गति से उपलब्ध कराए हैं। देश में शासन में भी व्यापक परिवर्तन हुआ है। हजारों अनुपालन आवश्यकताओं को समाप्त कर दिया गया है और सैकड़ों पुरातन कानूनों को निरस्त कर दिया गया है। कोई भी पिछली सदी के कानूनों पर निर्भर रहकर 21वीं सदी में कदम नहीं रख सकता।
पीएम ने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया गया है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जिस गति और पैमाने पर यह काम किया गया है।यह गति, यह विस्तार और ये उपलब्धियां – आजादी के बाद पहली बार देखा गया एक परिवर्तन दर्शाती हैं, और यह सब पिछले एक दशक के भीतर हुआ है। (80th Independence Day)

2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य पर पीएम मोदी का जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर भरोसा जताया किया कि भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में, प्रधानमंत्री ने नागरिकों से विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत ने भी बड़ा सपना देखा है और वह सपना है 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनना।
पीएम ने आगे कहा कि 2047 में विकसित भारत साकार होगा। जब हम (देश) विकसित बनने का संकल्प लेते हैं, तो दुनिया भी हमें देखती है। जब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश एक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लेता है, तो यह हमारे साहस का परिचय बन जाता है, और दुनिया हमें एक अलग नजरिए से देखने के लिए विवश हो जाती है। (80th Independence Day)
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से बड़े सपने देखने और उन सपनों को साकार करने की दिशा में काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “कोई राष्ट्र तभी महान बनता है और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करता है, जब वह अपने सपनों, अपने संकल्प और अपनी अंतर्निहित शक्ति से प्रेरित होकर आगे बढ़ता है। छोटे सपने अब पर्याप्त नहीं होंगे। हमें बड़े सपने देखने होंगे, क्योंकि बड़े सपने हमारी सोच का विस्तार करते हैं और हमारे दृष्टिकोण के क्षितिज को व्यापक बनाते हैं। हमारा संकल्प दृढ़ होना चाहिए,जब हमारा संकल्प मजबूत होता है, तो कठिनाइयों और आपदाओं के बीच भी आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करने की क्षमता स्वाभाविक रूप से उभरती है।”
21 तोपों की सलामी से ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष तक, देशभक्ति से सराबोर समारोह
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के वीर तोपचियों द्वारा 21 तोपों की सलामी दी गई। इस गौरवपूर्ण सलामी के लिए भारत में निर्मित 105 एमएम लाइट फील्ड गन का इस्तेमाल किया गया, जो रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का एक उत्कृष्ट प्रतीक है। इस औपचारिक बैटरी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत ने संभाली और गन पोजीशन ऑफिसर नाइब सूबेदार अनुतोष सरकार थे। (80th Independence Day)

इस साल बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने का विशेष उत्सव मनाया गया।प्रधानमंत्री के आगमन पर लाल किले की प्राचीर से पहली बार सैन्य बैंड द्वारा इसका विशेष गायन पेश किया गया। राष्ट्रध्वज फहराने के तुरंत बाद भारतीय वायुसेना के Mi-17 हेलीकॉप्टरों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद जनसमूह पर फूलों की बारिश की गई। इनमें से एक हेलीकॉप्टर ‘वंदे मातरम के 150 वर्ष’ का विशेष बैनर लेकर आसमान में उड़ा।












