Delhi CM Rekha Gupta Oath Ceremony: रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से शपथ ली। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। उनके साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज और पंकज कुमार सिंह ने नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली।
प्रवेश वर्मा ने ली शपथ
नई दिल्ली सीट से बीजेपी विधायक प्रवेश वर्मा ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। प्रवेश वर्मा ने आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था। अब वह सीएम रेखा गुप्ता कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
कपिल मिश्रा ने ली शपथ
करावल नगर सीट से बीजेपी विधायक कपिल मिश्रा ने बीजेपी कई नई सरकार में कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। अब रेखा गुप्ता कैबिनेट में मंत्री कपिल मिश्रा बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे। कपिल मिश्रा बीजेपी के हिन्दुत्व चेहरे के नाम से जाने जाते हैं।
पंकज सिंह ने ली शपथ
विकासपुरी से बीजेपी विधायक पंकज सिंह ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। पंकज सिंह बीजेपी का पूर्वांचली चेहरा हैं और बिहार के बक्सर से आते हैं। पंज सिंह पेशे से डॉक्टर हैं। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए डॉ. पंकज सिंह का दिल्ली में मंत्री बनना अहम माना जा रहा है।
आशीष सूद ने ली शपथ
बीजेपी विधायक आशीष शीला मदन गोपाल सूद को उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान आशीष सूद ने वादा किया कि वह दिल्ली और दिल्ली वालों के प्रति अपनी पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे।
मनजिंदर सिंह ने ली शपथ
बीजेपी विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने पंजाबी भाषा में शपथ ग्रहण की।
रविंद्र इंद्र राज ने ली शपथ
बीजेपी विधायक रविंद्र इंद्राज ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। सीएम रेखा गुप्ता की कैबिनेट में रविंद्र इंद्राज बड़ी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। उन्होंने शपथ ग्रहण के बाद ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। रविंद्र इंद्रराज बीजेपी का दलित चेहरा हैं।
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की वापसी
रेखा गुप्ता के शपथ लेने के साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई। हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इसके अलावा चंद्रबाबू नायडू, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और पवन कल्याण सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह के साक्षी बने।
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं।











