MP Road Accident: मध्यप्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार सुबह एक ट्रक के वैन को टक्कर मारने से तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए। यह घटना जवाहरपुरा गांव के पास हुई जब कुछ लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। भिंड जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) असित यादव ने बताया कि घटना सुबह करीब पांच बजे हुई। उन्होंने बताया कि वाहन में कुछ लोग बैठे हुए थे जबकि कुछ लोग सड़क पर खड़े थे तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने इन लोगों को और इनके वाहन को टक्कर मार दी।
मृतकों और घायलों की संख्या
भिंड के जिलाधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय एक और व्यक्ति की मौत हो गई और इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। घटना में 20 लोग घायल हुए हैं।
भिंड जिले अंतर्गत जवाहरपुरा गांव के नजदीक नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद है। मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनके समुचित उपचार की व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन को…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) February 18, 2025
राहत और बचाव कार्य
जिलाधिकारी ने बताया कि घायलों में से 12 को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का भिंड जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रूपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रूपये और मामूली रूप से घायलों को 50-50 हजार रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
स्थानीय लोगों का आक्रोश
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुस्साए स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक और उप मंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं।